Showing posts with label बीएसपी. Show all posts
Showing posts with label बीएसपी. Show all posts

Tuesday, March 3, 2009

बहनजी की पार्टी में भाई ही भाई


मुख्तार अंसारी : बीजेपी एमएलए कृष्णानंद राय की हत्या में मुख्य अभियुक्त मुख्तार को माया ने वाराणसी से चुनाव लड़ाने का ऐलान किया है। मर्डर, मर्डर की कोशिश, किडनैपिंग, फिरौती, लूट सहित दर्जनों मामले यूपी के इस कुख्यात भाई पर चल रहे हैं। मुख्तार के भाई और गैंगस्टर अफजल अंसारी भी बीएसपी के टिकिट पर गाजीपुर से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
अरुण शंकर शुक्ला : कभी ये एसपी चीफ मुलायम सिंह यादव के बेहद खास रहे हैं। लखनऊ के कुख्यात डॉन और अन्ना नाम से मशहूर अरुण कुछ दिनों पहले ही बीएसपी में आए हैं। इन पर दर्जनों आपराधिक केस चल रहे हैं। इनके खिलाफ 2 जून 1995 में लखनऊ के गेस्ट हाउस में बहनजी पर हमला करने का केस अभी लखनऊ की सीबीआई कोर्ट में चल रहा है। 'भाई' अन्ना उन्नाव से चुनाव लड़ेंगे।
उमाकांत यादव : बीएसपी के एमपी रहे हैं। जमीन हथियाने, दुकानों और घरों को क्षतिग्रस्त करने के मामले में मायावती के आवास के सामने इन्हें गिरफ्तार किया गया था। बीएसपी इन्हें पार्टी से बेदखल कर चुकी है।
राम रक्षा पाल : बीएसपी के नैशनल सेक्रटरी और झारखंड में पार्टी इनचार्ज राम रक्षा को वाराणसी में एक दलित ऑटो रिक्शा चालक भगवानदास की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है। भगवान के तीन रिश्तेदारों को फायरिंग कर जख्मी करने का भी इन पर आरोप है।
भगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित : जून 2004 में आगरा यूनिवर्सिटी के एक रिसर्च स्कॉलर से रेप के आरोप में बीएसपी एमएलए भाई गुड्डू पंडित को गिरफ्तार किया गया था। कांशीराम नगर के कासगंज थाना में इनके खिलाफ केस दर्ज है। मेडिकल रिपोर्ट में रेप की पुष्टि भी हुई थी।
आनंद सेन यादव : खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री रहे बीएसपी के एमएलए आनंद सेन पर फैजाबाद की लॉ स्टूडंट शशि की हत्या का आरोप है। शशि के पिता बीएसपी कार्यकर्ता हैं।
सुभाष धोरे : भाई धोरे और उनके समर्थकों पर सितंबर 2004 में पुलिस पर हमला कर कासगंज थाने के लॉकअप से दो अपराधियों को निकालने और पुलिस पर पथराव के आरोप हैं।


आगे पढ़ें...

श्रीलंका टीम पर जानलेवा हमला


लाहौर।। आधुनिक हथियारों से लैस करीब 12 आतंकवादियों ने श्रीलंका टीम पर हमला कर दिया। इसमें छह खिलाड़ी घायल हो गए और पांच पुलिसकर्मियों समेत सात लोग मारे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक दो श्रीलंकाई क्रिकेटरों को गोली लगी है, जबकि चार खिलाड़ी मामूली रूप से घायल हुए हैं। हमले के तुरंत बाद श्रीलंका सरकार ने दौरा रद्द कर दिया है।
पीसीबी अधिकारियों ने बताया कि घायल खिलाड़ियों में कुमार संगकारा, अजंता मेंडिस, थिलन समरवीरा, महेला जयवर्द्धने और थरंगा प्राणविताना शामिल हैं। समरवीरा के सीने और थरंगा के पैर में गोली लगी है । लाहौर हॉस्पिटल में दोनों का इलाज चल रहा है।मुख्य कोच ट्रेवर बेलिस को मामूली चोट आई है।
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट मैच के लिए मंगलवार सुबह श्रीलंका टीम बस से स्टेडियम जा रही थी। स्टेडियम के करीब लिबर्टी गोल चक्कर के पास करीब 12 बंदूकधारियों ने बस को घेरकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
लाहौर के पुलिस प्रमुख हाजी हबीबुर रहमान ने कहा कि सभी खिलाड़ी सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा,' यह आतंकवादी हमला था और हमलावरों ने रॉकेट लांचर, हैंड ग्रेनेड और दूसरे हथियारों से हमला किया। सभी हमलावर भाग निकले हैं। उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। वे 12 नकाबपोश प्रशिक्षित आतंकवादी थे। पुलिस ने करीब 25 मिनट तक उनका मुकाबला किया।'
टीवी चैनलों ने दो बंदूकधारियों की तस्वीरें दिखाई हैं, जिनमें से एक ने पठानी सूट और दूसरे ने जींस और जैकेट पहनी हुई थी। दोनों के पास राइफल और बैकपैक थे। पुलिस ने तुरंत इलाके की नाकाबंदी कर दी और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। हमले के बाद श्रीलंकाई टीम की बस को तुरंत गद्दाफी स्टेडियम ले जाया गया, जहां टीम के डॉक्टर मामूली रूप से घायल खिलाड़ियों का इलाज किया। बाद में श्रीलंकाई टीम को हेलिकॉप्टर के जरिए स्टेडियम से बाहर निकाला गया।
दरअसल, तय कार्यक्रम के मुताबिक भारतीय टीम को पाकिस्तान का दौरा करना था लेकिन मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों के बाद उपजी स्थिति के मद्देनजर भारत ने यह दौरा रद्द कर दिया था। भारत की जगह श्रीलंका की टीम को वहाँ जाने का न्यौता मिला था और उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया था।
अंपायर की वैन पर भी फायरिंग
खिलाडियों की बस के अलावा आतंकियों ने अंपायर की वैन पर भी फायरिंग की है। इसमें अंपायर एहसान रजा भी बुरी तरह से जख्मी हो गए। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
रिक्शे से आए 12 हमलावर
पाकिस्तानी टीवी चैनलों के हवाले से आ रही खबरों के मुताबिक हमलावर रिक्शे से आए थे। मोर्टार और रॉकेट लांचरों सहित अत्याधुनिक हथियारों से लैस करीब दर्जन भर आतंकियों ने लिबर्टी प्लाजा के पास श्रीलंकाई टीम की बस को चारों ओर से घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद वो अलग-अलग समूह में फरार हो गए। हमलावरों की संख्या 12 बताई जा रही है। घटनास्थल पर खडी एक सफेद कार को संदिग्ध मान कर जांच की जा रही है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है। इस बीच, मॉडल टाउन इलाके से चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं।


आगे पढ़ें...