Thursday, January 1, 2009

सशस्त्र बलों को नव वर्ष का तोहफा

  • बनेगा अलग वेतन आयोग
नई दिल्ली। सशस्त्र बलों को नए साल का तोहफा देते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय ने रक्षा मंत्रालय को सूचित किया है कि उनके लिए अलग से वेतन आयोग होगा, जो असैनिक वेतन आयोग से अलग होगा।
रक्षा मंत्रालय को प्रधानमंत्री कार्यालय ने सूचित किया है कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने 12 हजार से अधिक लेफ्टिनेंट कर्नलों तथा नौसेना और वायु सेना में उनके समकक्षों को छठे वेतन आयोग के पे बैंड चार में लाने की मांग को भी स्वीकार कर लिया है।
हालांकि पीएमओ ने कहा कि 8000 रुपये के ग्रेड पे के साथ पे बैंड चार का दर्जा उन्हीं लेफ्टिनेंट कर्नलों को दिया जाएगा, जो युद्ध में भूमिका निभा रहे हों अथवा जो युद्ध के लिए तैयार होंगे। जो लेफ्टिनेंट कर्नल प्रतिस्थापन पर अन्य सेवाओं में होंगे उन्हें पे बैंड चार का दर्जा तभी मिलेगा जब वे अपनी मूल सेवा में लौटेंगे।
जवानों से संबंधित एक अन्य मांग को पीएमओ ने स्वीकार किया है। सरकार जवानों का 70 फीसदी पेंशनभार बहाल करेगी। सरकार की ओर से सेवानिवृत्ता सशस्त्र बल के जवानों को अ‌र्द्धसैनिक बलों और केंद्रीय पुलिस बल में प्रवेश की अनुमति देने के संबंध में छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू किए जाने तक 70 फीसदी पेंशनभार का प्रावधान जारी रहेगा।
पीएमओ ने यह पत्र रक्षा मंत्रालय को दिसंबर के आखिरी हफ्ते में भेजा। हालांकि इस पत्र में लेफ्टिनेंट जनरलों को उच्चतर प्रशासनिक ग्रेड प्लस वेतनमान में डालने तथा कैप्टन से ब्रिगेडियर तक के अधिकारियों को उनके असैनिक समकक्षों के बराबर लाने की सशस्त्र बलों की दो अन्य प्रमुख मांगों पर चुप्पी साध रखी है, लेकिन रक्षा कर्मियों की मांगों को मानते हुए पीएमओ ने कहा कि वह कमान और नियंत्रण कार्यो तथा उनके असैनिक तथा अ‌र्द्धसैनिक समकक्षों के विपरीत सशस्त्र बलों के दर्जे की समीक्षा के लिए उच्चाधिकार समिति का गठन करेगी।


आगे पढ़ें...

कसब के गांव पहुंची FBI की टीम

इस्लामाबादः अमेरिकी खुफिया एजंसी ( FBI ) की एक टीम ने मुंबई आतंकी हमले में पकड़े गए आतंकवादी अजमल आमिर इमान ' कसब ' के पाकिस्तान के पंजाब प्रांत स्थित उसके गांव फरीदकोट का दौरा किया। जियो टीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार एफबीआई की पांच सदस्यीय टीम की अगुवाई एजेंसी के दक्षिण एशिया निदेशक विलियम राबर्ट कर रहे थे।
सूत्रों ने मीडिया खासकर पाकिस्तानी टीवी चैनलों की उस रिपोर्ट को बकवास बताया, जिसमें कहा गया था कि एफबीआई को कसब के पाकिस्तानी होने का कोई सबूत नहीं मिला। सूत्रों ने कहा कि एफबीआई टीम की जांच जारी है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने में अभी और समय लगेगा। उन्होंने विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया।
उल्लेखनीय है कि कसाब के पिता ने हाल में डान समाचार पत्र के साथ एक साक्षात्कार में स्वीकार किया था कि मीडिया में आ रही तस्वीरें उसके बेटे की है। पाकिस्तान ने दावा किया कि भारत ने कसाब के पाकिस्तानी होने के बारे में कहानी गढ़ी है।
दूसरी तरफ़ पुलिस ने पिछले महीने मुंबई हमलों के दौरान पकड़े गए एकमात्र जीवित आतंकी मोहम्मद आमिर अजमल ईमान पर बृहस्पतिवार को तीन और मामले दर्ज किए। अवैध रूप से समुद्र के जरिये नगर में प्रवेश करने को लेकर कस्टम, कानून और उचित दस्तावेज के बिना देश में रहने को लेकर विदेशी नागरिक कानून के तहत अजमल पर मामला दर्ज किया गया है। गैर कानूनी कार्य करने को लेकर उसपर यूएपीए भी लगाया गया है।
अजमल को 26 नवंबर की रात को पकड़ा गया था और वह पहले से ही आपराधिक षडयंत्र देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने, हत्या के प्रयास सहित कई अन्य मामलों का सामना कर रहा है। उसके खिलाफ अवैध रूप से हथियार रखने का भी मामला दर्ज किया गया है।


आगे पढ़ें...

गैर-इस्लामी है बालों को रंगना

लखनऊ: देश में सुन्नी मुसलमानों की सर्वोच्च संस्था दारुल उलूम देवबंद ने बालों को काला करने को गैर-इस्लामी करार देते हुए फतवा जारी किया है।
फतवे के मुताबिक, शरीयत बालों को काला करने की इजाजत नहीं देती। इसलिए बालों को रंगना गैर-इस्लामी है। यह फतवा देवबंद के दारुल इफ्ता विभाग ने जारी किया है। देवबंद ने अपनी वेबसाइट पर पूछे ऑनलाइन सवाल के जवाब में यह फतवा जारी किया है।
सवाल में एक शख्स ने पूछा था कि मेरा भाई जो कि 26 साल का है, उसके बाल सफेद हो गए हैं। ऐसे में क्या बालों को काला किया जा सकता है। इस फतवे का समर्थन करते हुए लखनऊ स्थित सुन्नी धर्मगुरु मौलाना खालिद रशीद फिरंगमहली ने कहा कि बालों को रंगना एक तरह का धोखा है और यह फतवा उसी के खिलाफ आया है। ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रवक्ता मौलाना यासूब अब्बास ने कहा कि फतवा सामाजिक मसलों पर नहीं, बल्कि धार्मिक मामलों पर दिया जाना चाहिए।


आगे पढ़ें...

'इंग्लैंड में नहीं होगा IPL का मैच'

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के कमिश्नर ललित मोदी ने ट्वेंटी 20 क्रिकेट लीग के दूसरे चरण को इंग्लैंड में आयोजित कराने की खबरों को नकार दिया है। उन्होंने कहा है कि आईपीएल के मैच सिर्फ भारत की जमीन पर ही खेल जाएंगे।
मोदी ने कहा, 'बेशक आईपीएल विश्वस्तरीय लीग है, लेकिन हमारा इसके टूर्नामंट को इंग्लैंड में आयोजित करने का कोई इरादा नहीं है।' गौरतलब है कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि आईपीएल के अगले साल अप्रैल-मई में होने वाले टूर्नामंट के कुछ मैच इंग्लैंड में खेले जाएंगे।
हालाँकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष मोदी ने आईपीएल के पहले संस्करण में नहीं खेले इंग्लैंड के खिलाड़ियों के इस लीग के दूसरे सत्र में हिस्सा लेने की उम्मीद जाहिर की है। मोदी ने कहा कि आईपीएल ने दुनिया भर के क्रिकेट खिलाड़ियों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। इससे इंग्लैंड भी अछूता नहीं है।
आईपीएल छह फरवरी से खिलाड़ियों की ताजा नीलामी प्रक्रिया शुरू करेगा। मोदी ने कहा कि आईपीएल में खेलने के इच्छुक इंग्लैंड और दुनिया की अन्य टीमों के खिलाड़ियों का सामने आना बस समय की बात रह गई है।


आगे पढ़ें...

गजनी ने शाहरुख को पीछे छोड़ा



  • 5 दिन में पार किया अरब का आंकड़ा
  • भारत के बाहर 19 करोड़ कमाए
ताजा ब्लॉक बस्टर गजनी ने महज 5दिनों में एक अरब रुपये की कमाई करके बॉलिवुड के सारे रेकॉर्ड तोड़ दिए है। भारत के बाहर भी इसने 19 करोड़ रुपये कमाए हैं। गजनी 25 दिसंबर को रिलीज हुई थी। इस हिसाब से उसे सिल्वर स्क्रीन पर एक हफ्ता भी नहीं हुआ है।
ऐसे में जब चारों तरफ मंदी का रोना रोया जा रहा है बॉलिवुड के लिए यह खबर राहत की सांस है। आमिर खान और असिन की जोड़ी के कमाल से बॉक्स ऑफिस पर अंधाधुंध पैसा बरसा है। आमिर खान का कहना था , मैं बहुत खुश हूं और दर्शकों का शुक्रगुजार हूं कि उन्हें फिल्म पसंद आई। मेरे लिए खुशी की यह बात है कि हम लोगों ने जो कड़ी मेहनत की वह कामयाब हुई।
गौरतलब है कि इसी माह रिलीज हुई शाहरुख खान की ' रब ने बना दी जोड़ी ' भी सुपर-डुपर हिट रही। इसने यशराज बैनर की पिछली सारी फिल्मों की कमाई के रेकॉर्ड तोड़ दिए। मगर ' गजनी ' उससे भी आगे निकल गई। पहले सप्ताह ' रब ने... ' की कमाई थी 60 करोड़ रुपए , जबकि ' गजनी ' महज पांच दिनों में एक अरब का आंकड़ा पार कर चुकी है।


आगे पढ़ें...