Monday, March 9, 2009

500 रुपये में दी गांधी की तस्वीर


जिस दिन गांधी जी की पांच निजी चीजों को खरीदने के लिए उद्योगपति विजय माल्या न्यूयॉर्क में बोली (9 करोड़ 30 लाख रुपये की) लगा रहे थे, उसी दिन साबरमती आश्रम को एक शख्स ने गांधीजी की दुर्लभ तस्वीर भेंट की। साबरमती आश्रम में गांधीजी की चीजों का नायाब संग्रह है और राधेश्याम अजमेरी (55) को दुर्लभ चीजों के संग्रह का शौक है।
उन्होंने गांधीजी की तस्वीर के बदले आश्रम से कुछ नहीं मांगा। काफी आग्रह के बाद उन्होंने 500 रुपये की सांकेतिक रकम स्वीकार की। गांधी स्मारक संग्रहालय के डाइरेक्टर अमृत मोदी ने कहा कि वह आश्रम के लिए गांधीजी से जुड़ी काफी चीजें लाते रहे हैं। अनुमान है कि फ्रेम में जड़ी गांधीजी की यह तस्वीर किसी स्टूडियो में खींची गई होगी।
तस्वीर में कम उम्र के गांधीजी कश्मीरी टोपी पहने हुए अपने दो दोस्तों के साथ नजर आ रहे हैं। अजमेरी ने यह तस्वीर साबरमती किनारे लगने वाले साप्ताहिक गुर्जरी बाजार से पिछले रविवार को खरीदी। उन्होंने इसे गांधी जी की दो पेंटिंगों के साथ 200 रुपये में खरीदा। अजमेरी ने कहा, बेचने वाले को अंदाजा नहीं था कि यह गांधी जी की तस्वीर है। मैं नियमित रूप से आश्रम में आता हूं, जहां गांधीजी की कम उम्र की कई तस्वीरें हैं। इसलिए मैंने इसे आसानी से पहचान लिया।

No comments:

Post a Comment

आपकी टिप्पणी हमारे लिए बेहद खास है।
अत: टिप्पणीकर उत्साह बढ़ाते रहें।
आपको टिप्पणी के लिए अग्रिम धन्यवाद।