Tuesday, January 13, 2009

क्रिस्टियानो वर्ष 2008 के सर्वश्रेष्ठ फुटबालर


'यह मेरे कैरियर का बेहतरीन पल है। मैं इस पुरस्कार को अपने परिवार दोस्तों और साथी खिलाड़ियों को समर्पित करता हूं।' क्रिस्टियानो रोनाल्डो
मैनचेस्टर युनाइटेड और पुर्तगाल के फुटबालर स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो को मंगलवार को वर्ष 2008 के लिए फीफा का सर्वश्रेष्ठ फुटबालर चुना गया। इससे पहले रोनाल्डो सर्वश्रेष्ठ यूरोपीय फुटबालर भी चुने जा चुके हैं।
इस पुरस्कार की होड़ में रोनाल्डो ने 2007 के विजेता काका [ब्राजील], लियोनेल मेस्सी [अर्जेटीना], फर्नाडो टोरेस [स्पेन] और जावी [स्पेन] को पीछे छोड़ा। रोनाल्डो ने मैनचेस्टर युनाइटेड के मैनेजर सर एलेक्स फर्गुएसन की प्रशंसा के पुल बांधे जिनके साथ पिछले सत्र में उनके संबंध तनावपूर्ण हो गए थे। उन्होंने कहा, 'मेरे लिए यह सत्र काफी अच्छा रहा और इसमें कोच की अहम भूमिका रही जिनसे मैंने बहुत कुछ सीखा। मुझे अपनी टीम के प्रदर्शन पर गर्व है।
23 बरस के रोनाल्डो ने 2007-08 सत्र में सभी स्पर्धाओं में 42 गोल किए। इंग्लिश प्रीमियर लीग और चैंपियंस लीग खिताब जीतने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। यूरो 2008 में हालांकि पुर्तगाल की टीम जर्मनी से क्वार्टर फाइनल में 2-3 से हार गई थी। फीफा के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीतने वाले वह लुई फिगो [2001] के बाद दूसरे पुर्तगाली खिलाड़ी बने।
रोनाल्डो को राष्ट्रीय टीमों के कोचों और कप्तानों द्वारा किए गए मतदान में 935 अंक मिले। मेस्सी [678], टोरेस [203] और काका [183] उनके बाद रहे।
महिला वर्ग में ब्राजील की मार्टा ने लगातार तीसरे वर्ष सर्वश्रेष्ठ फुटबाल खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। उन्होंने जर्मनी की बिर्गिट प्रिंज को पछाड़ा।

No comments:

Post a Comment

आपकी टिप्पणी हमारे लिए बेहद खास है।
अत: टिप्पणीकर उत्साह बढ़ाते रहें।
आपको टिप्पणी के लिए अग्रिम धन्यवाद।