Sunday, November 9, 2008

दिल्ली मैराथन में इथियोपिया का दबदबा

नई दिल्ली। इथियोपिया के देरीबा मेरगा ने एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन की पुरुष दौड़ जीती। यह दौड़ उन्होंने 59.14 मिनट में पूरी कर एक नया रिकार्ड बनाया। महिला दौड़ में भी इथियोपिया की ही एसेलेफेक मेरगिया ने इस प्रतिस्पर्धा में अपना झंडा गाड़ा। उन्होंने 68.16 मिनट में यह दौड़ पूरी की।
दिल्ली के उप राज्यपाल तेजेंद्र खन्ना ने आज हरी झंडी दिखाकर चौथी एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन की यहां शुरुआत की। 21 लाख अमेरिकी डालर की इनामी राशि वाली इस स्पर्धा में लगभग 25 हजार लोगों ने भाग लिया।
केंद्रीय सचिवालय स्थित विनय मार्ग से प्रात: साढे़ सात बजे हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसमें 21 किलोमीटर की दूरी तय की गई। अवसर पर अन्य गणमान्य लोगों सहित ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी एथलेटिक्स फेडरेशन आफ इंडिया के सचिव ललित भनोत भी उपस्थित थे।
हाफ मैराथन सहित कुल चार घंटे के इस आयोजन में छह किलोमीटर लंबी ग्रेट दिल्ली दौड़ वरिष्ठ नागरिकों के लिए चार किलोमीटर की दौड़ तथा व्हील चेयर वाली ढाई किलोमीटर की दौड़ भी शामिल थी। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण ग्रेट दिल्ली दौड़ थी, जिसमें कई सेलिब्रिटीज सहित 15 हजार लोगों ने भाग लिया।

No comments:

Post a Comment

आपकी टिप्पणी हमारे लिए बेहद खास है।
अत: टिप्पणीकर उत्साह बढ़ाते रहें।
आपको टिप्पणी के लिए अग्रिम धन्यवाद।