Friday, December 12, 2008

भारतीय बना रहा है ओबामा का सूट

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति 20 जनवरी को अपनी ताजपोशी के मौके पर जिस सूट को पहनेंगे, उसे एक भारतीय डिजाइनर की देखरेख में संवारा जा रहा है। इस सूट की कीमत 900 डॉलर (करीब 45 हजार रुपए) होगी। यह भारतीय डिजाइनर हैं 59 वर्षीय होमी पटेल। वह सूट बनाने वाली 121 साल पुरानी कंपनी हार्टमैक्स कॉर्प के चेयरमन और सीईओ हैं।
होमी पटेल ने बताया कि ओबामा जो सूट उस दिन पहनेंगे, वह एक बटन वाला काला सूट होगा। इसमें साटिन का लैपल लगा होगा। मैं ओबामा के स्टाफ से उनके शपथ-ग्रहण के मौके पर पहनी जाने वाली पोशाक के बारे में मशविरा कर रहा हूं। ओबामा के लिए एक दो-बटन वाला सूट भी तैयार किया जा रहा है। यह नेवी कलर का होगा। यह सूट पॉवरफुल दिखेगा।
पटेल ने बताया कि ओबामा हमारे पक्के कस्टमर हैं। वह 2004 में जब सेनेट का चुनाव लड़े थे, तभी से वह शिकागो में अपना सूट हमारे यहां ही तैयार करवाते रहे हैं। मैंने उनके सेनेट चुनाव अभियान में भी उन्हें सपोर्ट किया था। तभी से हमारे बीच कारोबारी रिश्ता गहरा गया। राष्ट्रपति चुनाव के अभियान के लिए ओबामा ने इस साल 6 सूट खरीदे थे। पटेल 1979 में हार्टमैक्स कंपनी से जुड़े थे और वह 2001 में कंपनी के सीईओ बन गए। वह मुंबई के मशहूर पारसी परिवार से आते हैं। उनके पिता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में चीफ अकाउंटंट थे और उनके चाचा डॉ. जय पटेल राष्ट्रपति और जेआरडी टाटा के डॉक्टर थे।

No comments:

Post a Comment

आपकी टिप्पणी हमारे लिए बेहद खास है।
अत: टिप्पणीकर उत्साह बढ़ाते रहें।
आपको टिप्पणी के लिए अग्रिम धन्यवाद।