Thursday, December 18, 2008

कामयाब रहा पहला फेस ट्रांसप्लांट


क्लीवलैंड : चोट की वजह से उस महिला का चेहरा इतना वीभत्स हो चुका था कि उसके अपने बच्चे भी उसे देख कर डर जाते थे। इस साल के शुरू में जब वह डॉ.मारिया साइमिनोवो से मिली तो उसे देख कर डॉक्टर भी हतप्रभ रह गई। क्लीवलैंड क्लीनिक री कन्स्ट्रक्टिव सर्जन डॉ. मारिया ने दो सप्ताह पहले इस महिला के चेहरे का प्रत्यारोपण किया। अमेरिका में यह पहला चेहरा प्रत्यारोपण है।
करीब 22 घंटे की इस प्रक्रिया के दौरान मरीज के चेहरे पर हड्डियां, मांसपेशियां, तंत्रिकाएं, त्वचा, रक्त वाहिनियां और दांत लगाए गए। यह सभी अंग उस महिला के चेहरे से निकाले गए जिसकी कुछ ही घंटे पूर्व मृत्यु हुई थी। दुनिया में चेहरे के प्रत्यारोपण का यह चौथा मामला है। बहरहाल, अन्य मामले इतने जटिल नहीं थे। डॉ. मारिया ने बताया उसने अपने दोनों हाथों से अपने चेहरे को छुआ और उसे महसूस हुआ कि चेहरे पर नाक है, जबड़े भी हैं तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मरीज के नाम और उम्र को गोपनीय रखा गया है। यह भी नहीं बताया गया कि वह घायल कैसे हुई थी।
कल अस्पताल में हुए संवाददाता सम्मेलन में वह मौजूद नहीं थी। डॉक्टरों का कहना है कि उसके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है और वह अभी ज्यादा बोल पाने की स्थिति में नहीं है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि महिला जल्द ही स्वयं खाने लगेगी और सांस लेने लगेगी। अब तक उसे इसके लिए श्वांस नलिका में लगे एक पाइप का सहारा लेना पड़ता था।

No comments:

Post a Comment

आपकी टिप्पणी हमारे लिए बेहद खास है।
अत: टिप्पणीकर उत्साह बढ़ाते रहें।
आपको टिप्पणी के लिए अग्रिम धन्यवाद।