Sunday, December 7, 2008

माराडोना का सपना हुआ पूरा


कोलकाता। महान फुटबालर डिएगो माराडोना ने अपना बरसों पुराना अपना सपना पूरा करते हुए मिशनरीज ऑफ चैरिटी आकर मदर टेरेसा की कब्र पर प्रार्थना की। माराडोना और उनकी गर्लफ्रेंd वेरोनिका अपनी कोलकाता यात्रा के दूसरे दिन रविवार को मदर हाउस गए जहां से मदर टेरेसा ने जिंदगी भर दुखी दरिद्रों की सेवा की। उन्हें ननों ने मदर टेरेसा के काम के बारे में बताया।

माराडोना ने पहले कहा था कि भारत दौरे का उनका मुख्य मकसद मिशनरीज ऑफ चैरिटीज के मुख्यालय आना है। वह मदर टेरेसा की फूलों से सजी कब्र के पास गए और मोमबत्ती जलाई। उन्होंने कुछ देर प्रार्थना भी की और कब्र को चूमा। इस मौके पर चैरिटीज की प्रमुख सिस्टर निर्मला भी मौजूद थी।
स्पेनिश जानने वाली एक नन ने माराडोना को इस स्थान के बारे में बताया और उसका दौरा कराया। उन्होंने आगंतुक पुस्तिका में कुछ शब्द भी कहे। इस पुस्तक में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और उनकी पत्नी हिलेरी की भी भावनाएं कलमबद्ध हैं। रवानगी से पहले माराडोना ने बच्चों से बाय-बाय कहा। उन्होंने कुछ बच्चों को चूमा और कुछ से हाथ भी मिलाया। मशहूर आर्थोपीडिक सर्जन डाक्टर सुनील ठाकुर ने मदर पर लिखी एक किताब की प्रति भी उन्हें भेंट की। बाहर आने पर हजारों की तादाद में फुटबालप्रेमी उनका दीदार करने को खड़े थे।

No comments:

Post a Comment

आपकी टिप्पणी हमारे लिए बेहद खास है।
अत: टिप्पणीकर उत्साह बढ़ाते रहें।
आपको टिप्पणी के लिए अग्रिम धन्यवाद।